भाजयुमो युवा चौपालों से नव मतदाताओं को जोड़े: शर्मा

भोपाल,(एजेंसी/वार्ता):मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि भाजयुमो भविष्य की भाजपा है। पार्टी की रीति-नीति से युवाओं को जोड़ने और सरकार की युवा नीति बूथ के यूथ तक पहुंचाने की जिम्मेदारी मोर्चा कार्यकर्ताओं की है। सभी कार्यकर्ताओं को आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए अपने जिलों के सभी बूथों को सशक्त कर भाजपा की महाविजय को सुनिश्चित करना है।


श्री शर्मा ने यह बात आज प्रदेश कार्यालय में आयोजित युवा मोर्चा की प्रदेश स्तरीय बैठक मे कही। बैठक को पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष वैभव पंवार और मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य बबीता फोगाट ने संबोधित किया। बैठक में मोर्चा के आगामी कार्यक्रमों और अभियानों की रूपरेखा पर चर्चा हुयी।


श्री शर्मा ने कहा कि युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं को नव मतदाताओं के बीच जाकर उनसे सतत संवाद और संपर्क बनायें। उन्हें भाजपा सरकार की नीतियों, योजनाओं और विकास कार्यों से भी अवगत कराना चाहिए क्योंकि उन नव मतदाताओं ने कांग्रेस काल के दुरावस्था का दौर नहीं देखा है। उन्होंने कहा कि भाजपा की केन्द्र और राज्य सरकार ने युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कई कार्यक्रम चलायें है।


श्री शर्मा ने मोर्चा के आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा करते हुए कहा कि मोर्चा पार्टी की रीढ़ है। मोर्चा मिशन 2023 और 2024 की दृष्टि से यूथ कनेक्ट कार्यक्रम में हर पंचायत पर युवा चौपाल के माध्यम से बूथ के हर नवमतदाता को पार्टी से जोड़े और उन्हें कांग्रेस के कुशासन और भाजपा के सुशासन से भी अवगत कराएं।


प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद ने कहा कि भाजपा सरकार ने अपने कार्य से सभी क्षेत्रों में जनता का विश्वास अर्जित किया है। लगातार युवाओं के सशक्तिकरण के लिए भी केन्द्र और प्रदेश सरकार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने युवा नीति भी लागू कर दी है। युवा मोर्चा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि युवा नीति प्रदेश के सभी युवाओं तक पहुंचे।


श्री हितानंद जी ने कहा कि आगामी युवा चौपाल अभियान के माध्यम से मोर्चा कार्यकर्ता विभिन्न क्षेत्रों के युवाओं के बीच पहुंचकर उन्हें पार्टी से जोड़ें। सोशल मीडिया के महत्व पर प्रकाश डालते हुए श्री हितानंद जी ने कहा कि हमारे विचार परिवार और नेतृत्व पर आक्रमण करने वालों को हमें सत्य और तथ्य के माध्यम से जवाब देने में देरी नहीं करनी है। उन्होंने कहा कि प्रवास में तेजी लाकर आने वाले समय में संगठन के विस्तार हेतु, अपने विचारों को अधिक से लोगों तक पहुंचाने का कार्य करें।


भारतीय जनता युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष वैभव पंवार ने बताया कि भाजपा के स्थापना दिवस 6 अप्रैल को युवा मोर्चा प्रदेश के 1070 मंडलों में युवा चौपाल कार्यक्रम का शुभारंभ करेगा और यूथ कनेक्ट अभियान को गति देगा। श्री पंवार ने बताया कि आगामी समय में युवा चौपाल के बाद युवा संकल्प यात्रा, युवा संभागीय सम्मेलन और युवा महाकुंभ जैसे बड़े आयोजन युवा मोर्चा द्वारा किए जाएंगे।प्रदेश स्तरीय बैठक में युवा मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी जिला अध्यक्ष, जिला महामंत्री, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सम्मिलित हुए।

-(एजेंसी/वार्ता)

यह भी पढ़े:- बच्चों की डाइट में शामिल करें ये आहार, सेहत को मिलेगा फायदा!