राफेल डील को लेकर BJP और कांग्रेस के बीच चल रहा आरोप-प्रत्यारोप का दौर खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। इसी बीच, आज कांग्रेस के राष्ट्रिय अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर PM नरेंद्र मोदी पर सीधा हमला करते हुए कहा कि देश के PM भ्रष्टाचारी हैं और वह रक्षा सौदे में हुए भ्रष्टाचार में सीधे तौर पर लिप्त हैं, इसलिए उन्हें इस्तीफा देना चाहिए।
यहां पार्टी मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में राहुल गांधी ने कहा कि राफेल खरीद में बहुत बड़ा भ्रष्टाचार हुआ है। संसद की संयुक्त समिति से इसकी जांच अवश्य कराई जानी चाहिए। जांच से दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। इसमें PM ने सीधे-सीधे भ्रष्टाचार किया है और उनकी भी जांच होनी चाहिए।
कांग्रेस के राष्ट्रिय अध्यक्ष ने यह कहा कि राफेल खरीद में जिस तरह से सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी HAL से ठेका छीनकर कर उद्योगपति अनिल अंबानी की कंपनी को यह काम दिया गया है, उससे यह साफ है कि खुद को देश का चौकीदार बताने वाले मोदी अब अनिल अंबानी की चौकीदारी कर रहे हैं। यह सीधा भ्रष्टाचार का मामला है और मोदी ने यह भ्रष्टाचार किया है। इसलिए उन्हें इस बारे में जवाब अवश्य देना चाहिए या फिर वह इस्तीफा दें। राहुल गाँधी ने यह कहा कि 30 हजार करोड़ PM ने अनिल अंबानी की जेब में डाले।