चित्तौड़गढ़ (एजेंसी/वार्ता): राजस्थान में जनता पार्टी भाजपा (भाजपा) के नेता युधिष्ठिर कुमावत ने कहा है कि राज्य में मांग के अनुसार केंद्र सरकार की ओर से यूरिया खाद की आपूर्ति की गई है।
भाजपा की आगामी चार दिसम्बर से शुरू हो रही जन आक्रोश यात्रा की जानकारी देने आए यात्रा प्रभारी श्री कुमावत ने राजस्थान में उत्पन्न यूरिया संकट पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बयान को पर पलटवार करते हुए कहा कि राज्य ने जितना यूरिया केंद्र सरकार से मांगा उतनी आपूर्ति की गई है।
उन्होंने कहा कि राज्य को मांग के अनुरूप केंद्र ने 4 लाख 50 हजार टन यूरिया की आपूर्ति की है जबकि हाल में चित्तौड़गढ़ की यात्रा पर आए मुख्यमंत्री ने केंद्र पर यूरिया आपूर्ति में भेदभाव के आरोप लगाये। कुमावत ने कहा कि संकट भेदभावपूर्ण वितरण का है।
उन्होंने दावा किया कि मारवाड़ एवं अजमेर क्षेत्र में चहेतों को सरकार ने जरूरत से ज्यादा यूरिया दिया जिसके कारण उदयपुर संभाग में यूरिया के लिए किसानों की लम्बी कतारें देखी जा सकती है। उन्होंने कांग्रेस सरकार को जन विरोधी बताया।
इस अवसर पर भाजपा के जिलाध्यक्ष गौतम दक ने बताया कि प्रदेश से दो दिसम्बर को यहां के लिए पांच रथ मिल जाएंगे जो जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों में दस दिसम्बर तक भ्रमण कर प्रत्येक गांव से लोगों को कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों से अवगत कराने के साथ रथ पर लगी पेटिका में आमजन की शिकायतें एकत्र कर प्रदेश भाजपा नेतृत्व तक पहुंचाएंगे।
दक ने जिले के निम्बाहेड़ा क्षेत्र के कनेरा गांव में प्रशासन गांवों के संग अभियान में अपात्र लोगों को भूमि आवंटन का मामला बताते हुए कहा कि हमारी सरकार आने पर इस घोटाले के दोषियों पर सख्त कार्रवाई कर जेल भेजा जाएगा।
-एजेंसी/वार्ता
यह भी पढ़े: झारखंड: अडाणी के गोड्डा संयंत्र में पुलिस व श्रमिकों के बीच झड़प, एएसआई घायल