इजरायल, गाजा के बीच युद्धविराम का स्वागत किया अमेरिका ने

वाशिंगटन (एजेंसी/वार्ता): अमेरिका ने इजराइल और गाजा के उग्रवादियों के बीच संघर्षविराम कराने में मदद करने के लिए मिस्र को धन्यवाद दिया है।व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव करीन जीन-पियरे ने यह जानकारी दी।


मिस्र के मीडिया ने शनिवार को बताया कि काहिरा द्वारा मध्यस्थता से किया गया संघर्ष विराम शनिवार को स्थानीय समय के अनुसार रात 10 बजे प्रभावी होगा। इजरायल के प्रधान मंत्री कार्यालय ने एक बयान में पुष्टि की कि युद्धविराम लागू हो रहा है और उसने युद्धविराम को लागू कराने में मदद करने के लिए मिस्र को धन्यवाद दिया।


व्हाइट हाउस ने शनिवार को कहा, “अमेरिका आज रात इजरायल और गाजा स्थित उग्रवादियों के बीच लगभग पांच दिनों की लड़ाई के बाद मिस्र सरकार की मध्यस्थता में हुयी संघर्षविराम की घोषणा का स्वागत करता है।”व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव करीन के बयान के अनुसार, अमेरिकी अधिकारियों ने संघर्ष विराम हासिल करने में मदद के लिए क्षेत्रीय सहयोगियों के साथ काम किया था।


व्हाइट हाउस ने कहा, “हम राष्ट्रपति अब्देल फतह अल सिसी और मिस्र के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ-साथ कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी के महत्वपूर्ण कूटनीतिक प्रयासों के लिए आभारी हैं।”इजरायल रक्षा बलों (आईडीएफ) ने शनिवार देर रात कहा कि गाजा से रॉकेट दागे जाने के जवाब में मिस्र की मध्यस्थता से संघर्षविराम लागू होने के बाद उन्होंने गाजा पट्टी में लक्ष्यों को निशाना बनाया है।


आईडीएफ ने कहा कि शनिवार रात गाजा पट्टी से इजरायली क्षेत्र की ओर दो रॉकेट दागे गए। इनमें से एक रॉकेट को इंटरसेप्ट कर लिया गया, जबकि दूसरा खुले इलाके में गिर गया। रॉकेट हमले के बाद आईडीएफ ने गाजा में लक्ष्य बनाना शुरू कर दिया।

-(एजेंसी/वार्ता)

यह भी पढ़े:- पाचन तंत्र के लिए फायदेमंद होता है आम, गर्मियों के मौसम में कीजिए इसका सेवन!